जिला पंचायत धमतरी की सामान्य सभा की बैठक सम्पन्न
अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की उपस्थिति में विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा
धमतरी - जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा की अध्यक्षता में सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, विधायक ओंकार साहू (धमतरी), विधायक अंबिका मरकाम (सिहावा), टीकाराम कंवर, पूजा सिन्हा, मोनिका देवांगन, कुलेश्वरी गायकवाड़, मीना साहू, नीलम चन्द्राकर, श्री अजय ध्रुव, धनेश्वरी साहू, अनीता ध्रुव, गरिमा नेताम, कविता बाबर, अंगिरा ध्रुव अध्यक्ष जनपद पंचायत धमतरी, गीतेश्वरी साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत कुरूद, विरेन्द्र साहू अध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड, गजेन्द्र सिंह ठाकुर सीईओ जिला पंचायत उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत जिला पंचायत सभाकक्ष एवं पदाधिकारी प्रशिक्षण कक्ष नवीनीकरण का अध्यक्ष अरुण कुमार सार्वा द्वारा फीता काटकर विधिवत लोकार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सभाकक्ष केवल बैठकों का स्थान नहीं बल्कि जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र है। बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित वातावरण में होने वाली बैठकें विकास कार्यों को गति प्रदान करती हैं।
समीक्षा के दौरान अध्यक्ष सार्वा ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कई गांवों में बने सीसी रोड को पीएचई विभाग द्वारा पाइपलाइन विस्तार के दौरान किनारों से खोद दिया जाता है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन विस्तार के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत करायी जाए।
इसके अलावा उन्होंने बगरुमनाला क्षेत्र में अवैध रेत खनन को गंभीर मुद्दा बताते हुए खनिज विभाग को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जो पंचायत सचिव 10 वर्ष से अधिक समय से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, उनका अन्य पंचायतों में स्थानांतरण किया जाना चाहिए।
उपाध्यक्ष गौकरण साहू ने पीएचई विभाग के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराने विभागीय अधिकारी को कहा। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की स्पष्ट सूची और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी होना आवश्यक है ताकि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने गर्मी के दिनों में पंचायतों में बढ़ती वोल्टेज की समस्या का भी मुद्दा उठाते हुए विद्युत विभाग से इसका समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सहित कई आवश्यक कार्य प्रभावित होते हैं।
विधायक ओंकार साहू ने मोंगरागहन मार्ग में बने डामर और गिट्टी के उखड़ने की शिकायत पर गंभीरता व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और नोटिस जारी करने सीईओ जिला पंचायत को कहा। उन्होंने कहा कि डुबान क्षेत्र की कई पंचायतें रेड जोन में हैं और भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है। इसके अलावा उन्होंने शंकरदाह स्थित दुर्गा मंदिर के पास विधायक निधि से प्रस्तावित शेड निर्माण के विषय में भी चर्चा की। वहां विद्युत पोल होने के कारण तकनीकी बाधा आ रही है, इसलिए शेड निर्माण के लिए अन्य उपयुक्त स्थान चयनित करने का सुझाव दिया।
विधायक अंबिका मरकाम ने नगरी क्षेत्र में लगातार गिरते जलस्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है। उन्होंने पीएचई विभाग को इस दिशा में तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरी और गट्टासिल्ली स्थित रेस्ट हाउस के जीर्णाेद्धार की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए इनके सुधार कार्य को प्राथमिकता देने की बात कही।
सभापति टीकाराम कंवर ने मोहेरा मार्ग के ग्रेड निर्धारण को लेकर सवाल उठाते हुए सड़क निर्माण की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने की मांग की। सभापति महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती मोनिका देवांगन ने जिले के निजी अस्पतालों में पदस्थ डॉक्टरों की संख्या तथा निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने वन विभाग द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था करने पर जोर दिया। सभापति श्री अजय ध्रुव सहित अन्य सदस्यों ने जिला अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई करने की मांग की।
सदस्य कविता बाबर ने कहा कि कई विभाग बैठकों में अधूरी जानकारी प्रस्तुत करते हैं इसलिए विभाग प्रमुखों को पूरी तैयारी के साथ बैठक में उपस्थित होना चाहिए। सदस्य नीलम चंद्राकर ने कहा कि किस पंचायत से गौण खनिज मद में कितनी राशि प्राप्त हुई है तथा कितना रेत खनन किया गया है का सूची उपलब्ध कराने कहा ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही गौण खनिज विभाग की गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
सामान्य सभा की समीक्षा बैठक में श्री चंदन टंडन लेखाधिकारी, नकुल प्रसाद वर्मा उपसंचालक पंचायत, रामनारायण राठौर कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी
जिला पंचायत धमतरी