श्री बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में मेंहदी की रस्म, शिवभक्ति में सराबोर हुआ धमतरी
धमतरी। महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत गुरुवार को श्री बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मेंहदी की रस्म संपन्न हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पूरे वातावरण में भक्ति, उत्साह और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंदिर को विशेष रूप से रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से माहौल गूंज उठा। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजी-धजी पहुंचीं और भगवान भोलेनाथ को विधि-विधान से मेंहदी अर्पित की। यह रस्म शिव-पार्वती के पावन दांपत्य और सौभाग्य का प्रतीक मानी जाती है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को भी मेंहदी लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। युवतियों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। बच्चों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर वातावरण को और जीवंत बना दिया।
मंदिर के ट्रस्टी नीलेश लूनिया ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर कई धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चल रही है। शुक्रवार को शाम भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर की भजन मंडलियां शिव महिमा का गुणगान करेंगी। भक्ति गीतों के माध्यम से श्रद्धालु देर रात तक शिव भक्ति में लीन रहेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि शनिवार को भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण से निकाली जाएगी। यह बारात शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां जगह-जगह स्वागत एवं आरती की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर शिव बारात की शोभा बढ़ाएंगे।
15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। इस दिन विशेष रुद्राभिषेक, अभिषेक पूजा, रात्रि जागरण और प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। मंदिर समिति द्वारा भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर पूरे धमतरी शहर में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में भाग लेकर शिव भक्ति का संदेश दे रहे हैं।