-->
Flash News

" हिंदुत्व टीवी में पत्रकारों की टीम 24 घंटे छत्तीसगढ़ समेत देश की बड़ी व महत्वपूर्ण खबरे पोस्ट करती है। हमारे टीम के द्वारा दी जाने वाली सभी खबरें या जानकारियां एक विशेष टीम के द्वारा गहन संसोधन (रिसर्च) के बाद ही पोस्ट की जाती है . .... CALL 9685644537

नगरी में युवाओं को मिला सशक्त मंच: कलेक्टर ने लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्पेस का किया निरीक्षण



नगरी में युवाओं को मिला सशक्त मंच: कलेक्टर ने लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्पेस का किया निरीक्षण
ग्रामीण युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर अध्ययन और रोजगार का सशक्त केंद्र
धमतरी, 02 मार्च 2026/ जिले के नगरी विकासखंड प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने युवाओं के शैक्षणिक एवं रोजगारोन्मुखी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगरी में संचालित लाइब्रेरी एवं को-वर्किंग स्पेस का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं स्वरोजगार से जुड़े युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, चुनौतियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
          लाइब्रेरी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप परीक्षाओं का चयन कर सुनियोजित रणनीति के साथ तैयारी करने की सलाह दी। साथ ही समसामयिक विषयों, दैनिक समाचार पत्रों एवं संदर्भ पुस्तकों के नियमित अध्ययन पर विशेष बल दिया।
       अध्ययनरत छात्र दमेश्वर कुमार ने बताया कि वे व्यापम की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं और लाइब्रेरी में उपलब्ध संसाधनों से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शांत, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ पर्याप्त पुस्तकों, समाचार पत्रों और सुव्यवस्थित अध्ययन कक्ष की सुविधा से उनकी तैयारी अधिक प्रभावी हुई है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले युवाओं को भी इस पहल से विशेष लाभ मिल रहा है। विद्यार्थियों ने इस सुविधा के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
        इसके पश्चात कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगरी में संचालित को-वर्किंग स्पेस का अवलोकन किया। यहां विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े युवाओं से चर्चा करते हुए उन्होंने नवाचार एवं स्वरोजगार के अवसरों को अपनाने हेतु प्रेरित किया। युवक नीलकंठ रात्रि ने बताया कि वे “मेट्रो मनी” नामक वेबसाइट का संचालन कर रहे हैं, जिससे उन्हें प्रतिमाह लगभग 40 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत ऋण स्वीकृति एवं विस्तार योजना में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
         निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने को-वर्किंग स्पेस में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, इंटरनेट कनेक्टिविटी, विद्युत व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण अध्ययन एवं कार्यस्थल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन न करना पड़े।
      कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाइब्रेरी में नियमित कैरियर मार्गदर्शन सत्र, मॉक टेस्ट एवं विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएं, जिससे युवाओं को प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से नगरी क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में नई दिशा और सशक्त मंच प्राप्त होगा। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-05/1840/अमित

anutrickz

"हिंदुत्व टीवी"

@topbharat

TopBharat is one of the leading consumer News websites aimed at helping people understand and Know Latest News in a better way.

GET NOTIFIED OUR CONTENT