*65 जोड़ों का विवाह रूढ़ीजन्य गोंडी रीति-रिवाज “पेन” से प्रारंभ*
धमतरी, 14 अप्रैल 2026। गंगरेल स्थित प्रसिद्ध मां अंगार मोती दाई के पावन आशीर्वाद से आदिशक्ति अंगार मोती ट्रस्ट के तत्वावधान में जिला स्तरीय गोंड समाज सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में 65 जोड़ों का विवाह पारंपरिक रूढ़ीजन्य गोंडी रीति-रिवाज “पेन” पद्धति के अनुसार संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का संचालन आदिवासी ध्रुव गोंड समाज, जिला धमतरी द्वारा किया गया, जिसमें समाज के पुरखा परंपरा, नेंग-दस्तूर और प्रकृति पूजा की परंपराओं को विशेष महत्व दिया गया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष जीवराखन मराई ने बताया कि यह विवाह समारोह गोंड समाज की प्राचीन संस्कृति और परंपराओं को सहेजने एवं नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि विवाह संस्कार की शुरुआत फन शक्ति पंच बुढ़ा देव से लेकर सप्तम बड़ादेव की स्थापना के साथ की गई, जो गोंडी संस्कृति की मूल आस्था और प्रकृति पूजन की भावना को दर्शाता है।
समारोह के दौरान सभी दुल्हनों को बाजे-गाजे के साथ पारंपरिक बारात के रूप में मां अंगार मोती दाई के मंदिर ले जाया गया, जहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इसके पश्चात सभी जोड़ों को मंडप में लाकर विधिवत मातृका पूजन, तेल कार्यक्रम सहित अन्य पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया। पूरे आयोजन में पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत और नृत्य ने वातावरण को अत्यंत उत्साहपूर्ण बना दिया।
जिला अध्यक्ष आदिवासी ध्रुव गोंड समाज माधव सिंह ठाकुर ने कहा कि 65 जोड़ों का यह सामूहिक विवाह समाज की एकता, सहयोग और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं समाज के वरिष्ठजनों का विशेष योगदान रहा, जिससे पूरा वातावरण हर्ष और उल्लास से गुंजायमान हो उठा।
उन्होंने आगे कहा कि इस आयोजन में न केवल गोंड समाज बल्कि अन्य समाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित हुआ। प्रकृति पूजा और देव शक्तियों के आव्हान के साथ विवाह समारोह समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।