*जगदलपुर में बजरंग दल का प्रदर्शन, पुतला फूंककर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन*
*जगदलपुर।* बजरंग दल ने शनिवार को शहर में विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सड़कों पर उतरे और देश में बढ़ती आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों के विरोध में पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन के उपरांत बजरंग दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, सार्वजनिक संपत्तियों पर हो रहे अवैध कब्जों, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने केंद्र व राज्य सरकार से ऐसे मामलों में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई करने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत सह मंत्री रवि ब्रह्मचारी ने कहा कि बस्तर जैसे जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने तथा महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा, "महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है और अब बजरंगी चुप बैठने वाले नहीं हैं।"
जिला मंत्री नवीन देवांगन ने कहा कि बजरंग दल राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए संकल्पित है। वहीं जबीता मंडावी ने कहा कि भारत 'लव जिहाद' और 'लैंड जिहाद' अब कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं तो महिलाएं भी बजरंगियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी होंगी।
जिला संयोजक विष्णु ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि हिंदू लड़की के साथ दुराचार करने की सोचने वालों पर बजरंग दल मौके पर ही एक्शन लेने में सक्षम है और किसी भी प्रकार की बदतमीजी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में विभाग सह मंत्री श्रीनिवास रेड्डी, योगेन्द्र कौशिक, जिला उपाध्यक्ष प्रेम चालकी, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, होमेश राठौड़, मातृ शक्ति जिला संयोजिका सुशीला साव, जिला साप्ताहिक मिलन प्रमुख सोम ठाकुर, अनिल अग्रवाल, पंकज मिश्रा, नगर सह संयोजक अजय प्रताप सिंह, दुर्गा वाहिनी से योशिका सेनापति, मातृ शक्ति से जयन्ती नागे, मानसी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।