जिले के कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोर्रा में मानवता को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शुक्रवार रात बाजार चौक क्षेत्र में एक युवक पर गौवंश के साथ अमानवीय कृत्य करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कुछ युवाओं ने आरोपी को संदिग्ध परिस्थिति में पकड़कर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी तथा सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान ग्राम कोर्रा निवासी राजू महार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इस प्रकार की घटनाओं को सामाजिक और नैतिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पूर्व भी उक्त युवक पर इसी तरह की हरकत करने का आरोप लग चुका है। पूर्व में स्कूल खेल मैदान परिसर में गौवंश के साथ अनुचित व्यवहार की शिकायत सामने आई थी, जिस पर ग्रामीण स्तर पर समझाइश और सामाजिक दंड की कार्रवाई की गई थी।
लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि अब केवल सामाजिक दंड पर्याप्त नहीं है, बल्कि आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पूरे गांव में घटना को लेकर भारी नाराजगी और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुओं के प्रति इस प्रकार की क्रूरता समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है और प्रशासन को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं सख्ती के साथ कदम उठाने चाहिए।