कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया प्रमुख निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
धमतरी, 23 जून 2026। जिले में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने शहर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम, कांटा तालाब चौपाटी, सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा पीजी कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम में विकसित की जा रही सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी शहर को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर यातायात, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं खेल सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को एक सुविधासंपन्न, आकर्षक एवं जनोन्मुखी शहर के रूप में विकसित करना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिहावा चौक से कोलियरी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग एवं यातायात प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
इसके पश्चात कलेक्टर ने सिहावा चौक के समीप निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, उन्नत साउंड सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम के निर्माण पूर्ण होने पर जिले में सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन को नई पहचान मिलेगी। कलेक्टर ने अक्टूबर माह तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मिश्रा ने कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए इसे शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने नागरिकों की सुविधा के लिए बहु-प्रवेश द्वार विकसित करने, व्यवस्थित दुकानों का निर्माण, आकर्षक सेल्फी पॉइंट, सौंदर्यीकरण एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौपाटी विकसित होने से नागरिकों को परिवार सहित मनोरंजन एवं अवकाश बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर स्थित क्रिकेट स्टेडियम का भी अवलोकन किया। यहां खिलाड़ियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के अनुरूप ड्रेसिंग रूम, रेस्ट रूम तथा किचन जैसी आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद स्टेडियम को भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी। इससे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा जिले के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
कलेक्टर ने रत्नाबांधा एवं मुस्कान क्षेत्र के मध्य स्थित तालाब परिसर का भी निरीक्षण कर वहां चौपाटी निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण किया। साथ ही पीजी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि नागरिकों को स्थायी एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर इंदिरा देवहरि, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता चहल, एसडीएम पीयूष तिवारी, नगर निगम उपायुक्त पी.पी. सारवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
// अमित//