-->
Flash News

" हिंदुत्व टीवी में पत्रकारों की टीम 24 घंटे छत्तीसगढ़ समेत देश की बड़ी व महत्वपूर्ण खबरे पोस्ट करती है। हमारे टीम के द्वारा दी जाने वाली सभी खबरें या जानकारियां एक विशेष टीम के द्वारा गहन संसोधन (रिसर्च) के बाद ही पोस्ट की जाती है . .... CALL 9685644537

धमतरी में युवाओं को उद्यमी बनाने की पहल, तीन दिवसीय स्टार्टअप बूटकैंप का शुभारंभ


‘आइडिया टू वेंचर-रेडी पिच’ के जरिए युवा सीखेंगे स्टार्टअप शुरू करने के गुर, शीर्ष 25 स्टार्टअप्स को मिलेगा तीन माह तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन
धमतरी 28 नवंबर 2026/ युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने और जिले में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला प्रशासन धमतरी एवं वाधवानी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में लाइवलीहुड कॉलेज में तीन दिवसीय उद्यमिता बूटकैंप ‘फ्रॉम आइडिया टू वेंचर-रेडी पिच’ का शुभारंभ हुआ। पहले दिन जिले के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने व्यावसायिक विचारों को उद्यम का रूप देने के गुर सीखे।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने कहा कि युवाओं में जिज्ञासा और सीखने की ललक उद्यमिता की पहली सीढ़ी है। उद्यमिता युवाओं को नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नए विचारों, अनुभवों और नेटवर्किंग से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिजनेसगढ़ के संस्थापक डोमेंद्र गंजीर ने धमतरी के एक छोटे से गांव से अपनी यात्रा शुरू कर पूरे छत्तीसगढ़ में इनक्यूबेटर संचालित करने तक के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वर्तमान दौर में स्टार्टअप शुरू करने के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा एक बेहतर आइडिया और मजबूत इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने अपने गृह जिले में विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए युवाओं को नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन फेलो प्रियांश पांडे ने ‘युवा धमतरी’ पहल के तहत युवाओं के लिए संचालित योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बूटकैंप ‘स्टार्टअप धमतरी’ की व्यापक कार्ययोजना का शुरुआती चरण है। इसके तहत बूटकैंप में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 25 स्टार्टअप्स का चयन कर उन्हें अगले तीन माह तक निरंतर मार्गदर्शन दिया जाएगा। इस दौरान युवाओं को अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक बिक्री और आगे चलकर फंडिंग हासिल करने योग्य उद्यम में बदलने के लिए सहयोग मिलेगा।

उद्घाटन सत्र के बाद वाधवानी फाउंडेशन की शिवानी वार्ष्णेय ने तकनीकी प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को वाधवानी इग्नाइट प्लेटफॉर्म से जोड़ने के साथ डिजाइन थिंकिंग, वास्तविक समस्याओं की पहचान, संभावित ग्राहकों तक पहुंच और उनकी जरूरतों को समझने एवं विचारों की उपयोगिता परखने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा एवं सहायक संचालक शैलेंद्र गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बूटकैंप के दूसरे दिन समाधान आधारित आइडिया जनरेशन, प्रतिस्पर्धा मैपिंग तथा प्रोटोटाइप और एमवीपी निर्माण पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन जिले के युवाओं को नवाचार, स्वरोजगार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए व्यावहारिक मंच प्रदान करेगा।

anutrickz

"हिंदुत्व टीवी"

@topbharat

TopBharat is one of the leading consumer News websites aimed at helping people understand and Know Latest News in a better way.

GET NOTIFIED OUR CONTENT