कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकोना में ग्राम सभा के दौरान हुए विवाद को लेकर नया मोड़ सामने आया है। ग्रामवासियों ने लोकेश मनहर और उनके परिजनों द्वारा की गई शिकायत को निराधार बताते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
ग्रामवासियों के अनुसार, शीतला मंदिर परिसर में दोना-पत्तल महिला भवन, मंदिर के अतिरिक्त भवन निर्माण और ठाकुर देव को अन्य स्थान पर स्थापित करने जैसे विषयों पर बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान लोकेश मनहर के सहयोगी सतीश बारले और गजाधर बंजारे कथित रूप से नशे की हालत में बैठक में पहुंचे और मौजूद लोगों से अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच करने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि समझाने के बावजूद विवाद बढ़ता गया और इसी दौरान पंचायत प्रतिनिधि राजाराम लहरे के साथ मारपीट हुई, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद ग्रामीण उन्हें लेकर कुरूद थाना पहुंचे, जहां दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद थाना प्रभारी ने आपसी समझौते का प्रयास कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की समझाइश के बावजूद लोकेश मनहर पक्ष समझौते के लिए तैयार नहीं हुआ। वहीं, बाद में एसपी कार्यालय और कलेक्टर के समक्ष ग्रामवासियों के खिलाफ की गई शिकायत को ग्रामीणों ने पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया है।
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।