धमतरी - ग्राम पंचायत धौराभाटा (रानवागुड़ा) के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण आवास प्लस 2.0) के तहत सर्वे सूची से 86 पात्र हितग्राहियों के नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर धमतरी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और पुनः सर्वे कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में ग्रामीण आवास प्लस 2.0 के ऑनलाइन सर्वे के दौरान कुल 291 हितग्राहियों के नाम दर्ज किए गए थे, लेकिन बाद में इनमें से 86 गरीब एवं मजदूर वर्ग के पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए गए। इससे पात्र परिवार सरकारी आवास योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराई जाए तथा ग्राम पंचायत में दोबारा सर्वे कराया जाए। साथ ही जिन 86 पात्र हितग्राहियों के नाम हटाए गए हैं, उन्हें पुनः सर्वे सूची में शामिल कर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई करेगा, ताकि वास्तविक पात्र परिवारों को शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ मिल सके।