रायपुर। रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ क्लब में हरियाणा सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के अध्यक्ष एवं हरियाणा माटी कला बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री दिनेश बेडवाल प्रजापति से आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास, पर्यटन, रोजगार सृजन तथा विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं श्री दिनेश बेडवाल प्रजापति ने छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन, विकास कार्यों एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ग्रामीण विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है।
बैठक के दौरान हरियाणा और छत्तीसगढ़ के बीच ग्रामीण विकास, माटी कला के संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
इस अवसर पर मॉडमसिल्ली बांध के प्रस्तावित टेंडर को निरस्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। आग्रह किया गया कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे स्थानीय जनजातीय समाज, मछुआरा समुदाय एवं किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहें। साथ ही मत्स्य पालन से जुड़े स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने, उनके पारंपरिक आजीविका अधिकारों की रक्षा करने तथा क्षेत्र में अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इस दौरान यह भी कहा गया कि विकास योजनाओं का लाभ सबसे पहले स्थानीय लोगों तक पहुँचे, ताकि उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को नई गति मिल सके। मुलाकात को अत्यंत प्रेरणादायक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा वाला अवसर बताया गया।