*छात्राओं को मिलेगी बेहतर आवासीय सुविधा, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में कर सकेंगी अध्ययन*
सरगुजा/अम्बिकापुर, दिनांक 14 अगस्त 2026, पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने आज अम्बिकापुर के केशवपुर स्थित स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय कन्या छात्रावास का शुभारंभ किया। छात्रावास के प्रारंभ होने से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा और उन्हें सुविधाजनक वातावरण में रहकर अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, पार्षद आलोक दुबे, कलेक्टर अजीत वसंत, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*100 सीटर छात्रावास से छात्राओं को मिलेगी आवासीय सुविधा*
स्वामी आत्मानंद महाविद्यालय कन्या छात्रावास 100 सीटर है। इसमें महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। छात्रावास की सुविधा मिलने से बाहर से आने वाली छात्राओं को आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी। साथ ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध होने से छात्राएं अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगी।
छात्रावास का लाभ विशेष रूप से उन छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण होगा, जो दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अम्बिकापुर आती हैं। आवासीय सुविधा उपलब्ध होने से उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी और उन्हें रहने की सुविधा के अभाव में पढ़ाई छोड़ने जैसी परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
*डीएमएफ एवं आदिवासी विकास विभाग से हुआ आवश्यक कार्य*
कन्या छात्रावास में रिनोवेशन एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए डीएमएफ मद से 17.53 लाख रुपये तथा आदिवासी विकास विभाग से 8.50 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। इन कार्यों के माध्यम से छात्रावास भवन में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने के साथ परिसर का व्यवस्थित विकास किया गया है।
उपलब्ध सुविधाओं एवं आवश्यक सुधार कार्यों से छात्राओं के लिए छात्रावास का वातावरण अधिक सुविधाजनक एवं उपयोगी बनाया गया है। छात्रावास के संचालन से महाविद्यालयीन छात्राओं को शिक्षा के साथ सुरक्षित आवासीय वातावरण भी उपलब्ध होगा।
*सुरक्षा, प्लांटेशन एवं सीसी रोड के लिए मंत्री ने दिए निर्देश*
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास परिसर में प्लांटेशन कराने तथा परिसर को हराभरा एवं आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।
मंत्री अग्रवाल ने मुख्य मार्ग से कन्या छात्रावास तक सीसी रोड निर्माण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्राओं एवं आगंतुकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास परिसर को सुव्यवस्थित रखने तथा छात्राओं को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*छात्राओं की शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन*
कन्या छात्रावास के शुभारंभ को जिले में छात्राओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलने से दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करना अधिक सहज होगा। इससे छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने के साथ उनके आत्मविश्वास और आगे बढ़ने के अवसरों में भी वृद्धि होगी।