विकास मरकाम और अरुण सार्वा ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात, दोनों सड़कों को लेकर अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश
धमतरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भाजपा धमतरी विधानसभा प्रभारी एवं आदिवासी स्वास्थ्य परम्परा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम तथा जिला पंचायत धमतरी अध्यक्ष अरुण सार्वा ने उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से नया रायपुर में मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं को लेकर चर्चा करते हुए इनके शीघ्र उन्नयन की मांग रखी गई।
घठुला-जैतपुरी मार्ग के कार्य में तेजी की मांग
मुलाकात के दौरान सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग के लगभग 30 किलोमीटर हिस्से के टू-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को प्राथमिकता से स्वीकृत कर जल्द शुरू कराने की मांग की गई। बताया गया कि यह मार्ग विकासखंड नगरी की बड़ी आबादी के आवागमन का प्रमुख माध्यम है। सड़क के उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होने की उम्मीद है।
विकास मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र में आता है, जहां बेहतर सड़कें विकास की बुनियादी आवश्यकता हैं। सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग के उन्नयन से हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
नगरी-सिहावा मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग
इसके साथ ही नगर पंचायत नगरी के बजरंग चौक से बस स्टैंड सिहावा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबे टू-लेन मार्ग को फोरलेन में उन्नयन करने की मांग भी रखी गई। बढ़ते यातायात, विद्यार्थियों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुसार मार्ग के चौड़ीकरण को आवश्यक बताया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि नगरी-सिहावा मार्ग क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है। बढ़ते यातायात और विकास की संभावनाओं को देखते हुए इसे फोरलेन बनाया जाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि दोनों सड़कों की स्वीकृति के लिए पूर्व में भी मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से मुलाकात कर मांग रखी गई थी।
मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
विकास मरकाम और अरुण सार्वा के अनुसार उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इससे दोनों सड़क परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।
मसान डबरा में 33 कमार परिवारों के आवास की जानकारी
मुलाकात के दौरान ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसान डबरा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत 33 कमार परिवारों के लिए निर्माणाधीन आवासों की जानकारी भी मंत्री को दी गई। बताया गया कि सर्वसुविधायुक्त आवास एवं व्यवस्थित कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री अरुण साव ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में मसान डबरा पहुंचकर निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया।