गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की थाने में कराई गई परेड, नशे-अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ
धमतरी, 24 सितंबर 2026। गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी.सी. पटेल एवं डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों को थाने में बुलाकर उनकी परेड कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने इस दौरान संबंधित व्यक्तियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनके वर्तमान आचरण और गतिविधियों की जानकारी ली।
नशे और अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ
पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि वे अपराध एवं नशे से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करें। इस दौरान उन्हें नशे एवं अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अशांति फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस की ओर से यह भी बताया गया कि यदि संबंधित व्यक्तियों के आचरण एवं गतिविधियों में निरंतर सुधार रहता है और वे समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।
अड्डेबाजी और चाकूबाजी करने वालों पर रहेगी पैनी नजर
आगामी गणेश विसर्जन झांकी एवं त्योहारों को देखते हुए धमतरी पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां लगातार पेट्रोलिंग एवं सघन चेकिंग करने की तैयारी की है।
अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों, लड़ाई-झगड़ा करने वालों, चाकूबाजी एवं अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा आवश्यकतानुसार माइनर एक्ट के तहत भी कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है, ताकि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनी रहे।
त्योहारों में हुड़दंग करने वालों को चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी, चेकिंग और पेट्रोलिंग की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य आगामी गणेश विसर्जन झांकी एवं त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है।
इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक श्री राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।