*जगदलपुर।* सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद लंबे समय से नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उपचार करा रहे छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव अब स्वास्थ्य लाभ लेकर छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। दिल्ली से रवाना होने से पहले उन्होंने अपने परिवार के साथ कुछ आत्मीय पल बिताए। इसी दौरान परिवार के साथ खिंचाई गई तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वे सहज और प्रसन्न नजर आ रहे हैं।
किरण सिंह देव 29 जुलाई 2026 को परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें नई दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया।
दिल्ली में उपचार के दौरान उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की नजर बनी रही। विभिन्न नेताओं ने अस्पताल एवं दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सहित कई नेताओं ने उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
लंबे उपचार और स्वास्थ्य लाभ के बाद अब किरण सिंह देव की छत्तीसगढ़ वापसी हुई है। 23 सितंबर की शाम दिल्ली से रवाना होकर उनके रायपुर पहुंचने की जानकारी सामने आई है। उनके स्वागत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा गया।
*परिवार के साथ बिताए यादगार पल*
छत्तीसगढ़ वापसी से पहले दिल्ली में परिवार के साथ खिंचाई गई तस्वीरों में किरण सिंह देव अपने परिजनों के साथ नजर आए। लंबे समय तक उपचार के बाद घर और प्रदेश की ओर लौटने से पहले परिवार के साथ बिताए ये पल खास रहे। तस्वीरों में परिवार के सदस्यों के बीच आत्मीयता और खुशी का माहौल दिखाई देता है।
सार्वजनिक जीवन में लगातार सक्रिय रहने वाले किरण सिंह देव के लिए दुर्घटना के बाद का समय स्वास्थ्य लाभ और चिकित्सकीय देखरेख में बीता। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े लोगों और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। स्वास्थ्य में सुधार के बाद अब उनकी प्रदेश वापसी से कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
किरण सिंह देव के छत्तीसगढ़ लौटने के साथ उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उनके पूर्ण स्वस्थ रहने और आगामी समय में फिर से सक्रिय रूप से जनसेवा एवं संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन की शुभकामनाएं दी हैं।
दिल्ली से उपचार के बाद छत्तीसगढ़ वापसी का यह पल उनके परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के लिए राहत और खुशी का अवसर है। परिवार के साथ दिल्ली में खिंचाई गई तस्वीरें इस सुखद वापसी की यादगार झलक के रूप में सामने आई हैं।