विद्यालय के बच्चों की रचनात्मकता से प्रभावित हुए मुख्य अतिथि, विद्यालय विकास के लिए दिए एक लाख रुपये
धमतरी -राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के अंतर्गत सेजेस चर्रा में विभिन्न रचनात्मक एवं सेवा आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तृतीय दिवस विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं द्वारा भाषण एवं स्वनिर्मित चित्रकला की प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, सृजनशीलता और सेवाभाव ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
1008 दीपों से रोशन हुआ विद्यालय परिसर
सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिवस विद्यालय परिसर में विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने मिलकर मंत्रोच्चार के साथ 1008 दीप प्रज्ज्वलित किए। दीपों की रोशनी से पूरा विद्यालय परिसर आध्यात्मिक एवं उत्सवी वातावरण से सराबोर हो गया।
विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोली से सजाया गया। परिसर में स्वास्तिक एवं ॐ की प्रतिकृतियां बनाकर उन्हें दीपों से सजाया गया। दीपों की रोशनी और रंगोली की सुंदर सजावट ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार, एकता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता में दिखी बच्चों की प्रतिभा
अभियान के द्वितीय दिवस विद्यालय में विभिन्न विषयों एवं कथानकों पर आधारित भाषण प्रतियोगिता तथा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को भाषण एवं चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रदर्शनी में बच्चों ने सामाजिक सरोकार, शिक्षा, पर्यावरण, राष्ट्रहित, सेवा भावना एवं सकारात्मक सोच जैसे विभिन्न विषयों को अपनी कला के माध्यम से उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाई गई कार्यक्रमों की झलकियां
अभियान के तृतीय दिवस पूर्व दिवसों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की झलकियां प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रमों की तस्वीरों एवं वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों और अतिथियों को अभियान के दौरान हुए आयोजनों की जानकारी दी गई।
प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं ने खूब सराहा। बच्चों द्वारा किए गए प्रयासों और उनकी रचनात्मक प्रतिभा की अतिथियों ने प्रशंसा की।
बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित हुए मुख्य अतिथि, एक लाख रुपये देने की घोषणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री एलपी गोस्वामी ने अपने उद्बोधन में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत भाषण एवं चित्रकला की सराहना की। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता, सृजनशीलता एवं कल्पनाशक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी आवश्यक है।
विद्यालय के बच्चों एवं शिक्षकों के सेवाभाव तथा कर्तव्यनिष्ठा से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि श्री एलपी गोस्वामी ने विद्यालय विकास के लिए एक लाख रुपये की दान राशि देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।
बेहतर विद्यालय और समाज के निर्माण का संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य कैप्टन खुमान साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘सेवा’ और ‘संकल्प’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर विद्यालय, बेहतर समाज एवं राष्ट्रहित में सेवा कार्यों के लिए दृढ़ संकल्पित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सेवा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने अभियान को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
अतिथियों एवं सहयोगियों का जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि श्री एलपी गोस्वामी द्वारा विद्यालय विकास के लिए दान राशि देने की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष श्री रिखीराम साहू, शिक्षाविद् श्री रामकुमार साहू, सदस्य श्री सनद बैस, श्री चम्पा लाल साहू, श्री उग्रसेन, कार्यक्रम की नोडल शिक्षक भगवती देवी साहू, वैभवी साहू सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।