धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा का नगरी में व्यापक निरीक्षण
नगर के विकास कार्यों को मिली नई गति, कई योजनाओं को मिली दिशा
धमतरी -कृष्णा दीवान/ गंगा प्रकाश
धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अपने एक दिवसीय नगरी प्रवास के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। कलेक्टर के इस दौरे से नगरी में शिक्षा, खेल, परिवहन, व्यापारिक गतिविधियों और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। उन्होंने नगरी को आने वाले समय में “आदर्श नगर पंचायत” के रूप में विकसित करने की अपनी स्पष्ट मंशा भी व्यक्त की।
लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण — शिक्षा को मिली प्राथमिकता
कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 7 के हाई स्कूल के पास स्थित लाइब्रेरी भवन का निरीक्षण कर पुस्तक उपलब्धता, रख-रखाव और अध्ययन कक्ष की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने लाइब्रेरी को अधिक सुसज्जित बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वार्ड 12 में नए बस स्टैंड निर्माण हेतु भूमि का अवलोकन
बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 12 में प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विस्तृत योजना तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
हाई स्कूल मैदान में खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाओं पर जोर
कलेक्टर मिश्रा ने हाई स्कूल मैदान में जाकर खिलाड़ियों की सुविधा से संबंधित लाइट, ग्राउंड लेवलिंग, खेल उपकरणों और अभ्यास व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया।
उन्होंने शहर के युवाओं के लिए बॉक्स क्रिकेट निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही।
सीएमओ यशवंत वर्मा और उप अभियंता परमेश ध्रुव को खेल सुविधाओं के लिए शासन से राशि आवंटन का प्रस्ताव तत्काल भेजने के निर्देश दिए।
गायत्री मंदिर परिसर के पास सर्वसुविधायुक्त नगर चौपाटी का प्रस्ताव
गायत्री मंदिर के पास नगर चौपाटी निर्माण हेतु स्थान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे उपयुक्त बताया। उन्होंने कहा कि यह चौपाटी नगरवासियों के पारिवारिक मिलन, विद्यार्थियों के लिए कैंटीन और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार का बेहतर माध्यम साबित होगी।
उन्होंने जल्द ही आवश्यक निधि सुनिश्चित कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर मिश्रा की दृष्टि—नगरी को आदर्श नगर बनाना
कलेक्टर पदभार संभालने के बाद से ही मिश्रा नगरी को विकसित नगर पंचायत बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि नगरी में शिक्षा, खेल, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक गतिविधियों की अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें योजनाबद्ध ढंग से विकसित किया जाएगा।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने रखा 5 वर्ष का विकास रोड मैप
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कलेक्टर को वर्तमान परियोजनाओं से अवगत कराया और नगर के विकास के लिए आवश्यक मांगें भी प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने उनकी पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त प्रयास से ही संपूर्ण विकास संभव है!