-->
Flash News

" हिंदुत्व टीवी में पत्रकारों की टीम 24 घंटे छत्तीसगढ़ समेत देश की बड़ी व महत्वपूर्ण खबरे पोस्ट करती है। हमारे टीम के द्वारा दी जाने वाली सभी खबरें या जानकारियां एक विशेष टीम के द्वारा गहन संसोधन (रिसर्च) के बाद ही पोस्ट की जाती है . .... CALL 9685644537

धान खरीदी केंद्रों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के निर्देशसोरम, भटगांव और संबलपुर पहुंचे कलेक्टर, धान खरीदी की हर कड़ी का लिया जायजा

धान खरीदी केंद्रों पर कलेक्टर का औचक निरीक्षण, वास्तविक किसानों को प्राथमिकता के निर्देश
सोरम, भटगांव और संबलपुर पहुंचे कलेक्टर, धान खरीदी की हर कड़ी का लिया जायजा
  कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, पारदर्शिता और गति पर दिया जोर
धमतरी, 16 जनवरी 2026/जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी तहसील के सोरम, भटगांव एवं संबलपुर धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया, बल्कि मौके पर मौजूद किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं और अनुभव भी जाने।
    कलेक्टर श्री मिश्रा ने टोकन कटने की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, धान उठाव तथा भुगतान प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन पहले ही कट चुके हैं, उनका धान बिना किसी देरी के प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि छोटे, सीमांत एवं वास्तविक किसानों को किसी भी स्थिति में प्रतीक्षा का सामना न करना पड़े, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
    निरीक्षण के दौरान रकबा समर्पण एवं फसल सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरी व्यवस्था शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संचालित होनी चाहिए।
    कलेक्टर श्री मिश्रा ने विशेष रूप से यह निर्देशित किया कि जिन किसानों ने पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाया है, उनके खेतों एवं निवास स्थल पर जाकर राजस्व अधिकारियों द्वारा फसल का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान यदि अवैध धान बिक्री, फर्जी रकबा या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
   निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में पेयजल, छाया, तौल व्यवस्था और किसानों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने धान उठाव की प्रक्रिया को और अधिक तेज करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्रों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को समय पर भुगतान मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि शासन की धान खरीदी योजना का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब प्रत्येक किसान को सम्मान, सुविधा और समयबद्ध सेवा मिले।

anutrickz

"हिंदुत्व टीवी"

@topbharat

TopBharat is one of the leading consumer News websites aimed at helping people understand and Know Latest News in a better way.

GET NOTIFIED OUR CONTENT