बर्न वार्ड के महिला प्रसाधन कक्ष में फंदे पर लटका मिला शव, अस्पताल में मचा हड़कंप
धमतरी। जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज का शव बुधवार दोपहर महिला प्रसाधन कक्ष में फंदे पर लटका मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम खोपाबेड़ा जिला कोंडागांव निवासी दशोमती नेताम (20 वर्ष) पिता सायतु नेताम धमतरी स्थित हरिओम राइस मिल में मजदूरी का काम करती थी। बताया गया कि खाना बनाते समय झुलस जाने के कारण उसे 10 मार्च को जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया था। बर्न वार्ड में उसका उपचार चल रहा था। अस्पताल में उसकी देखरेख के लिए उसकी बहन जगमती सोरी भी मौजूद थी।
बुधवार 11 मार्च की दोपहर दशोमती बर्न वार्ड के महिला प्रसाधन कक्ष में गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर लगभग दोपहर 1 बजे उसकी बहन उसे देखने के लिए वहां पहुंची। अंदर जाकर देखा तो दशोमती गमछे के फंदे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, सीएमएचओ डॉ यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन डॉ टोंडर, अस्पताल सलाहकार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और स्टाफ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।