धमतरी जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोलियारी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक नोटिस के बाद क्षेत्र में सियासी सरगर्मी पूरी तरह तेज हो गई है। प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके आशियाने को उजड़ने से बचाने के लिए कांग्रेस संगठन पूरी तरह से मैदान में उतर आया है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कोलियारी गांव का दौरा कर जमीनी स्थिति का विस्तृत जायजा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। जायजा लेने पहुंचे कांग्रेस नेताओं के सामने ग्रामीणों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे यहां वर्षों से निवास कर रहे हैं और अपनी गाढ़ी कमाई से इन मकानों का निर्माण किया है।
बारिश के इस मौसम में उन्हें बेघर करने की प्रशासनिक तैयारी पूरी तरह से अमानवीय है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति यहां भी उत्पन्न करने की कोशिश कर रहा है और किसी निजी संस्थान को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से दबाव बना रहा है।मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी परिस्थिति में उनका आशियाना उजड़ने नहीं देगी। कांग्रेस पदाधिकारियों ने दौरे के बाद साफ किया कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही जिला प्रशासन और वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने अपनी इस दमनकारी नीति को वापस नहीं लिया और ग्रामीणों को राहत नहीं दी, तो प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए जिला स्तर पर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा किया जाएगा।इस मामले में स्थानीय धमतरी विधायक ओंकार साहू ने भी पहले ही कोलियारी पहुंचकर ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और अधिकारियों से बात कर बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की बेदखली की कार्रवाई न करने की बात कही है। अब जिला कांग्रेस संगठन और विधायक दोनों ही एकजुट होकर ग्रामीणों के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़े नजर आ रहे हैं। इस निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व दुग्ध महासंघ अध्यक्ष विपिन साहू, जिला संगठन महामंत्री अरविंद दोषी, जिला कोषाध्यक्ष विजय गोलछा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन खंडेलवाल, डॉ विजय प्रकाश जैन, बृजेश जगताप, घामेश्वरी साहू, जिला उपाध्यक्ष सूर्याराव पवार, जिला महामंत्री आलोक जाधव, मनीषा साहू, योगेश लाल, आकाश गोलछा, विक्रांत शर्मा, नेताप्रतिपक्ष दीपक सोनकर, ब्लॉक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजा देवांगन, जिला सचिव खिलेंद्र साहू, राजेश पांडे, रामनाथ यादव, सलीम तिगाला, मोहित देवांगन, राजेश ठाकुर, उदित नारायण साहू, जैनुद्दीन रिज़वी, देवेंद्र देवांगन, भोलाराम देवांगन, लोकेन्द्र साहू, राकेश मौर्या, मंडल अध्यक्ष हरीश चंद्राकर, एमन साहू, प्रणय बच्चन, सेक्टर अध्यक्ष प्रकाश पवार, सूरज पासवान, प्रवीण साहू, विष्णु सिन्हा, जय श्रीवास्तव, तिलक सोनकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामवासी, प्रभावित परिवार और जिला व शहर कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।