16 जुलाई को होगा लोकार्पण, जनसेवा को समर्पित रहेगी एम्बुलेंस
धमतरी। रथ यात्रा के पावन पर्व के अवसर पर धमतरी शहर को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। समाजसेवा के उद्देश्य से कार्यरत रितुराज पवार फाउंडेशन द्वारा शहरवासियों के लिए सर्वसुविधायुक्त वेंटिलेटर एम्बुलेंस का लोकार्पण किया जाएगा। फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर एवं जीवनरक्षक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह एम्बुलेंस समाजसेवी अमित नंदकिशोर अग्रवाल एवं विकास सिंह (सन्नी) के सहयोग और सेवा भावना से धमतरी की जनता को समर्पित की जा रही है। इस पहल को जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लोकार्पण समारोह 16 जुलाई 2026 को शाम 5:30 बजे गौशाला परिसर (विंध्यवासिनी मंदिर के पीछे), धमतरी में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में महापौर रामु रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडे, माँ विंध्यवासिनी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद पवार, रितुराज पवार फाउंडेशन के प्रमुख रितुराज पवार सहित गौशाला ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों ने धमतरीवासियों से इस सेवा कार्य के साक्षी बनने और कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराकर जनसेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। फाउंडेशन ने कहा कि उनका मूल उद्देश्य "नर सेवा ही नारायण सेवा है" की भावना के साथ समाज के प्रत्येक जरूरतमंद तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना है।