तेज बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिरी दीवार, मौके पर नहीं था कोई व्यक्ति; पुलिस ने तत्काल क्षेत्र कराया सुरक्षित
धमतरी। सोमवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश के दौरान धमतरी स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की एक बाहरी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या चोट नहीं हुई। समय रहते कोई व्यक्ति दीवार की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दीवार गिरने की आवाज सुनते ही परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि दोपहर में हुई तेज बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक ढह गई। फिलहाल घटना के कारणों का आकलन किया जा रहा है तथा क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत की तैयारी की जा रही है।