दो दिव्यांग हितग्राहियों को मिली ट्राईसाइकिल, आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़े कदम
धमतरी, 20 जुलाई।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की पहल के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने ग्राम सोरम निवासी कामदेव साहू एवं नवागांव-कंडेल निवासी गेमेश्वरी साहू को ट्राईसाइकिल प्रदान की। ट्राईसाइकिल मिलने से दोनों हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने इसे अपने जीवन की नई शुरुआत बताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने दोनों हितग्राहियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगातार दिलाने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उप संचालक मनीषा पांडेय सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
गेमेश्वरी साहू ने बताया कि बचपन से पोलियो के कारण उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता होने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में आने-जाने में परेशानी होती थी, लेकिन अब ट्राईसाइकिल मिलने से उनका आवागमन आसान हो जाएगा।
वहीं, कामदेव साहू ने बताया कि छह वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में उनका एक पैर कट गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पुरानी ट्राईसाइकिल खराब होने के बाद आवेदन देने पर समाज कल्याण विभाग ने उन्हें नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई, जिससे वे बेहद खुश हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजनों को सम्मानपूर्वक आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है और प्रशासन हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।