-->
Flash News

" हिंदुत्व टीवी में पत्रकारों की टीम 24 घंटे छत्तीसगढ़ समेत देश की बड़ी व महत्वपूर्ण खबरे पोस्ट करती है। हमारे टीम के द्वारा दी जाने वाली सभी खबरें या जानकारियां एक विशेष टीम के द्वारा गहन संसोधन (रिसर्च) के बाद ही पोस्ट की जाती है . .... CALL 9685644537

वर्षाकालीन तैयारियों से लेकर विकास कार्यों तक, हर मोर्चे पर तेजी के निर्देश कलेक्टर की सख्ती: किसानों को समय पर खाद, स्वास्थ्य सेवाएं रहें पूरी तरह मुस्तैद


जनहित सर्वोपरि: स्वास्थ्य सुरक्षा, कृषि और विकास कार्यों की कलेक्टर ने की व्यापक समीक्षा
खाद वितरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अवैध रेत परिवहन पर सख्त निगरानी के निर्देश

धमतरी, 06 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज यहाँ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में वर्षाकालीन व्यवस्थाओं, खरीफ सीजन की तैयारियों, किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। विभागों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर उन्होंने विशेष बल दिया।
   बैठक में कलेक्टर ने कहा कि वर्षा ऋतु में संक्रामक एवं जलजनित बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करे तथा आवश्यक दवाइयों, जीवनरक्षक औषधियों एवं अन्य चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त भंडारण बनाए रखे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल स्रोतों, ट्यूबवेल, कुओं एवं पानी की टंकियों का नियमित क्लोरीनीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
    कलेक्टर ने जिले में संचालित एग्रीस्टैक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों का शीघ्र निराकरण कर निर्धारित समय-सीमा में इसे पूर्ण करें। एनसीसीएफ के अंतर्गत प्रस्तावित गोदामों की प्रगति की समीक्षा करते हुए चयनित स्थलों की जानकारी ली तथा रैक प्वाइंट से राष्ट्रीय राजमार्ग तक सड़क निर्माण के लिए आवश्यक सर्वे एवं तकनीकी निरीक्षण शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
   खरीफ सीजन के मद्देनज़र कलेक्टर ने कहा कि आगामी 15 से 20 दिन किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। किसानों को सहकारी समितियों एवं अन्य वितरण केन्द्रों के माध्यम से समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खाद वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
     शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आगामी दो सप्ताह में जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक जीवित रहने वाले बड़े पौधे लगाए जाएं तथा जिन विद्यालयों में फेंसिंग नहीं है, वहां करौंदा अथवा अन्य कांटेदार पौधों की प्राकृतिक सुरक्षा घेराबंदी विकसित की जाए। उन्होंने जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव की तैयारियां समय पर पूर्ण करने, सभी विद्यार्थियों को समय पर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने तथा गणवेश वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
  कलेक्टर ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना के तहत डब्ल्यूएसटीआर क्षेत्र के डूबान एवं सिंगपुर में पालक बैठकों का आयोजन कर अधिकाधिक छात्राओं को उच्च शिक्षा से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही सभी पात्र बालिकाओं का महाविद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने तथा आईटीआई, पॉलीटेक्निक एवं अन्य तकनीकी संस्थानों में रिक्त सीटों पर अधिकाधिक प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।
  बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर प्रशासनिक सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने औद्योगिक पार्क में सड़क एवं पुल निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत आवश्यक सामग्री की खरीदी, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण तथा नगरीय निकायों में चौपाटी, लाइब्रेरी, मुक्तिधाम एवं बॉक्स क्रिकेट मैदान सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
    व्यावसायिक परिसरों की नीलामी की समीक्षा में बताया गया कि आठ स्थानों की नीलामी पूर्ण हो चुकी है तथा शेष प्रक्रिया प्रगति पर है। कलेक्टर ने मुख्य मार्गों से लगे गांवों में भी व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
    वन एवं उद्यानिकी विभाग को आगामी पौधरोपण अभियान की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने तथा औषधीय एवं आयवर्धक फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
   खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 15 जुलाई के बाद रेत उत्खनन बंद होने के कारण सभी स्वीकृत खदानों में बनाए गए रैंप नियमानुसार हटाए जाएं तथा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने अछोटा पुल सहित जिले के अन्य महत्वपूर्ण पुलों की संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कराने, डब्ल्यूएसटीआर क्षेत्र के आवश्यक पुलों के प्रस्ताव तैयार करने, बोरई मार्ग एवं फुटहामुड़ा नहर निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा सभी बैंकों में बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
   कलेक्टर ने जेम पोर्टल के माध्यम से की जाने वाली शासकीय खरीदी में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा एवं वित्तीय नियमों का पूर्ण पालन करते हुए खरीदी प्रक्रिया संचालित करें।
    बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा विभागवार प्रगति, लंबित प्रकरणों एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

anutrickz

"हिंदुत्व टीवी"

@topbharat

TopBharat is one of the leading consumer News websites aimed at helping people understand and Know Latest News in a better way.

GET NOTIFIED OUR CONTENT