विधायक कॉलोनी के लिए नकटी की जगह नवा रायपुर में भूमि आवंटित करने की मांग
धमतरी विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखा पत्र, जनहित और ग्रामीणों के विरोध का दिया हवाला।
धमतरी। धमतरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित भूमि आवंटन को निरस्त कर उसकी जगह नवा रायपुर में उपयुक्त स्थान आवंटित करने की मांग की है।
अपने पत्र में विधायक ने कहा है कि नकटी में विधायक कॉलोनी निर्माण के प्रस्ताव का स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक विरोध किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस परियोजना से कई ग्रामीणों के विस्थापन की आशंका है, जिससे क्षेत्र में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित, प्रशासनिक सुविधा तथा विधायकों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विधायक कॉलोनी के लिए नवा रायपुर में उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान पर भूमि आवंटित की जाए। उन्होंने इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा भी जताई है।