उड़ीसा से लाई गई शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
धमतरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 9 सितंबर 2026 को ग्राम अरसीकन्हार, थाना मेचका में आबकारी विभाग की विशेष टीम ने दबिश देकर 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की।
जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन एवं पर्यवेक्षण तथा जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी पुरुषोत्तम सिन्हा के नेतृत्व में गठित टीम को अवैध शराब के संबंध में गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी सुरेंद्र कुमार कावड़े, पिता बुद्धूराम कावड़े के निवास पर कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान आरोपी के निवास से उड़ीसा से लाई गई 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक मुरलीधर सोनी, आबकारी आरक्षक प्रशांत कुमार यादव, भूषण वर्मा, अरविन्द नेताम, नीरज चंद्राकर एवं महिला आरक्षक सोमी पालेश्वर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आबकारी विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही गई है। विभाग ने आमजन से भी अवैध शराब संबंधी गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने की अपील की है।