गंगरेल से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा, महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
धमतरी, 11 सितंबर। जिले में लगातार बारिश और बांधों में पानी की आवक को देखते हुए जलाशयों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार रात 8 बजे की स्थिति के अनुसार गंगरेल जलाशय 96.17 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली जलाशय 100 प्रतिशत, दुधावा जलाशय 91.80 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय 72.82 प्रतिशत भर चुका है।
जानकारी के अनुसार गंगरेल जलाशय में 23,214 क्यूसेक, मुरुमसिल्ली में 6,000 क्यूसेक, दुधावा में 3,225 क्यूसेक और सोंढूर जलाशय में 2,189 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की गई है।
गंगरेल से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा
आगामी बारिश और बांधों में पानी की संभावित आवक को देखते हुए गंगरेल बांध से करीब 15,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 5,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के माध्यम से महानदी मुख्य नहर में छोड़ा जा रहा है, जबकि करीब 10,000 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है। आवश्यकता और जलस्तर की स्थिति को देखते हुए पानी की मात्रा आगे बढ़ाई भी जा सकती है।
महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट
बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण महानदी एवं आसपास के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी-नालों तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप नहीं जाने की सलाह दी है।
प्रशासन ने कहा है कि अनावश्यक रूप से नदी-नाले पार न करें। आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन द्वारा चिन्हांकित सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं और सुरक्षित रहें।
जिला प्रशासन धमतरी ने लोगों से अपील की है कि वे जलस्तर और बारिश की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।