हल्बा, चारामा। क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर ग्राम हल्बा में एक वृहद जनसम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में महाविद्यालय परिक्षेत्र से जुड़े 42 गांवों के ग्राम प्रमुख, सरपंच, उपसरपंच, पटेल, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
सम्मेलन की अध्यक्षता आदरणीय विक्रम सोरी ने की तथा आदरणीय नथिया राम सोरी के सानिध्य में क्षेत्रीय महाविद्यालय संघर्ष समिति के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। उपस्थित ग्राम प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में महाविद्यालय की आवश्यकता पर विचार-विमर्श करते हुए मांग को संगठित एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन
बैठक में सर्वसम्मति से समिति के पदाधिकारियों का चयन किया गया। नारायण सिंह (देवीनवागांव) को अध्यक्ष, सुशील ताराम को महिला अध्यक्ष, रमेश संचेती कोषाध्यक्ष तथा श्री चन्द्रहास जैन को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त चार उपाध्यक्ष, श्री महंत टांडिया को महासचिव, सचिव एवं सहसचिव सहित कार्यकारिणी एवं विशेष कार्यकारिणी का गठन किया गया।
मुख्य प्रवक्ता चन्द्रहास जैन समिति की ओर से महाविद्यालय स्थापना की मांग से संबंधित आधिकारिक वक्तव्य एवं जानकारी मीडिया तथा संबंधित संस्थानों के समक्ष प्रस्तुत करने, समिति के निर्णयों एवं गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक करने तथा समिति और मीडिया के बीच समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। समिति की ओर से आधिकारिक रूप से जारी होने वाली सूचनाओं एवं बयानों के लिए मुख्य प्रवक्ता अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेंगे।
समिति के संरक्षक के रूप में विक्रम सोरी को जिम्मेदारी सौंपी गई। नवगठित समिति द्वारा क्षेत्र के सभी ग्रामों के साथ समन्वय स्थापित कर महाविद्यालय स्थापना की मांग को संबंधित स्तर पर रखने तथा इसके लिए आवश्यक आगामी कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में महाविद्यालय की स्थापना होने से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे तथा उन्हें शिक्षा के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष अरुण मरकाम ने सभी उपस्थित ग्राम प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सभा के समापन की घोषणा की गई।
क्षेत्रीय महाविद्यालय संघर्ष समिति
ग्राम हल्बा, विकासखंड चारामा, जिला कांकेर (छत्तीसगढ़)