धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सांकरा में आज खेल और परंपरा का एक अनोखा संगम देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ राज्य कुश्ती चैंपियनशिप के नामचीन पहलवानों का आगमन गांव में हुआ। कुश्ती न केवल हमारे देश का एक प्राचीन और पारंपरिक खेल है, बल्कि यह अनुशासन, शारीरिक सौष्ठव और एकाग्रता का प्रतीक भी माना जाता है। भारत की मिट्टी से जुड़े इस खेल ने प्राचीन काल के मल्ल युद्ध से लेकर आधुनिक ओलंपिक तक अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है।
धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के ग्राम सांकरा में राज्य ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी धाक जमा चुके पहलवानों का सांकरा बस स्टैंड पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। फटाके और पारंपरिक उत्साह के साथ क्षेत्रवासियों ने पहलवानों का अभिनंदन किया। क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पहलवानों के पहुंचने से ग्रामीणों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
सांकरा में भी जल्द होगा भव्य दंगल का आयोजन
स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने पहलवानों से आग्रह किया कि ग्राम सांकरा की पावन माटी में भी एक बार राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाए, ताकि स्थानीय युवाओं को भी इस पारंपरिक खेल से जुड़ने और प्रेरणा लेने का अवसर मिले। इस दौरान पहलवानों और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक सार्थक चर्चा हुई। ग्रामीणों के आग्रह पर पहलवानों ने सहर्ष अपनी सहमति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि वे जल्द ही सांकरा में एक भव्य कुश्ती कार्यक्रम (दंगल) की रूपरेखा तैयार करेंगे।
दिग्गज पहलवानों का हुआ नागरिक अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान धमतरी और प्रदेश के प्रसिद्ध पहलवानों का विशेष सम्मान किया गया, जिनमें शामिल हैं:
लक्ष्मण पहलवान
गामा पहलवान
अवधेश पहलवान
सतपाल पहलवान
भगवान पहलवान
ग्रामीणों ने सभी पहलवानों को, श्रीफल एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीण जन और वरिष्ठ नागरिक रहे उपस्थित
इस ऐतिहासिक पल के गवाह सांकरा गांव के कई प्रमुख नागरिक और जनप्रतिनिधि बने। इस सम्मान समारोह में वासुदेव साहू, हितेशमहेश सिन्हा,उपसरपंच हरीश साहू, सतीश साहू, शैलेंद्र साहू, विजय साहू, रोमन साहू, अशोक मल्होत्रा, बलराम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्राम के युवा, वरिष्ठ नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सांकरा में जल्द कुश्ती आयोजन की उम्मीद के साथ सभी का आभार व्यक्त किया गया।