89वीं वर्षगांठ पर तीन दिवसीय भव्य संगीतमय रामधुनी प्रतियोगिता, 2 से 4 अक्टूबर तक होंगे आयोजन
धमतरी। जिले के ग्राम बोड़रा (स) में रामधुनी की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय भव्य संगीतमय रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामवासियों एवं ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम रामधुनी प्रतियोगिता की 89वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया है।
आयोजन के तहत 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के समापन अवसर 4 अक्टूबर को पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम बोड़रा पहुंचेंगे। कार्यक्रम में विधायक धमतरी ओंकार साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अतिथियों की उपस्थिति भी रहेगी।
पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह होगा
रामधुनी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में विभिन्न रामधुनी मंडलियां अपनी संगीतमय प्रस्तुतियां देंगी। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों के अनुसार, रामधुनी केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि क्षेत्र की लोककला, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस आयोजन को व्यापक रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में ग्राम बोड़रा पहुंचकर रामधुनी प्रतियोगिता एवं समापन समारोह में सहभागी बनने की अपील की है।