रूद्रेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के साथ हुआ गठन, सर्वसम्मति से शिवा साहू बने जिलाध्यक्ष, समाज सेवा और तकनीकी उन्नयन का लिया संकल्प
धमतरी। जल आपूर्ति, स्वच्छता और सुरक्षित जीवन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्लंबरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रत्येक घर, संस्थान और उद्योग तक स्वच्छ एवं सुरक्षित जल पहुंचाने में इस वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्लंबर समाज के हितों की रक्षा, उनके सम्मान, अधिकार, तकनीकी कौशल विकास तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने के लिए आशीर्वाद प्लंबर कल्याण संघ का विधिवत गठन रूद्रेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद के साथ किया गया।
गठन बैठक में बड़ी संख्या में प्लंबर समाज के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संघ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें शिवा साहू को जिलाध्यक्ष, कुलेश्वर साहू को उपाध्यक्ष, चित्रसेन को सचिव, डेमन साहू को कोषाध्यक्ष, टिकेश्वर दास मानिकपुरी को मीडिया प्रभारी तथा डोमार साहू एवं बाबूलाल को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
संघ के सदस्य के रूप में राजकुमार, सोहन, उत्तम देवांगन, रितेश साहू, नीलकमल, मनीष, मुकेश कुमार साहू, ओम कुमार साहू, बाबूलाल, लोकेश्वर, चेतन, गणपत, श्रवण कुमार, गुलशननंदन, सुनील, हेमंत, नेमन, संदीप, छबिलाल, जयकिशन एवं दुर्वासा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्लंबर केवल पाइपलाइन जोड़ने का कार्य नहीं करते, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके बावजूद कई बार इस वर्ग को उचित पहचान, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पातीं। ऐसे में यह संगठन प्लंबर साथियों के हितों की रक्षा करने, उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने तथा उन्हें एक मजबूत मंच प्रदान करने का कार्य करेगा।
उन्होंने बताया कि संघ का मुख्य उद्देश्य प्लंबरों के तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन, आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने, युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा आवश्यकता पड़ने पर सदस्यों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना रहेगा। इसके साथ ही संगठन समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर, जागरूकता अभियान, सामाजिक सेवा कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर तथा जनहित के विभिन्न कार्यों का आयोजन भी करेगा, ताकि प्लंबर समुदाय आर्थिक, सामाजिक एवं तकनीकी रूप से और अधिक सशक्त बन सके।
पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन आपसी सहयोग, अनुशासन, भाईचारे और एकजुटता की भावना के साथ कार्य करेगा तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। साथ ही शासन-प्रशासन के समक्ष प्लंबर समाज से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रूद्रेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर संगठन को मजबूत बनाने, प्लंबर समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा समाज सेवा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि आशीर्वाद प्लंबर कल्याण संघ भविष्य में प्लंबर समाज के लिए एक सशक्त और प्रभावी संगठन के रूप में कार्य करेगा।