धमतरी/ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में राज्य शासन की निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत सायकल वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष सुभाष साहू ने की। वहीं जिला पंचायत सदस्य मोनिका ऋषभ देवांगन एवं जनपद पंचायत सदस्य गीतेश्वरी साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती सायकलों का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सायकल प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य शासन की सरस्वती सायकल योजना छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्राओं से नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़कर अपने माता-पिता, विद्यालय तथा जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथियों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे मजबूत आधार है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर छात्राएं आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को साकार करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री सुभाष साहू ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्राओं को सायकल का सदुपयोग करने तथा नियमित रूप से विद्यालय आने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय परिवार, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।