*स्वच्छता ही सेवा अभियान में जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने किया श्रमदान 25 सितंबर को सेवा महाकुंभ*
*सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।*
*बस्तर।* स्वच्छ और सुंदर बस्तर का संदेश लेकर मंगलवार को नगर पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पर्यटन स्थल भानसागर जलाशय से लेकर प्राचीन शिव मंदिर और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने श्रमदान किया। इस दौरान जगह-जगह फैली झाड़ियों की कटाई, कचरा संग्रहण और घाटों की सफाई की गई।
भानसागर जलाशय और मंदिर परिसर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सफाई अभियान चलाकर नगर पंचायत ने सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान लोगों से भी पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी तरुणपाल लहरे ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने घर के साथ आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की।
*सात तरह की सेवाओं से जुड़ेगा बस्तर*
स्वच्छता अभियान के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को नगर पंचायत कार्यालय में सेवा महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले इस महाकुंभ की थीम ‘अनगिनत चेहरों पर मुस्कान’ रखी गई है।
महाकुंभ में रक्तदान, पुस्तक दान, स्टेशनरी कलेक्शन, कपड़ा दान, खिलौना दान, अन्नदान तथा देहदान-अंगदान के लिए शिविर लगाए जाएंगे। लोगों से प्राप्त सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी। विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों को भी इस सेवा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।