बोड़रा। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत बोड़रा में मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति के चलते ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुक्तिधाम का शेड लंबे समय से जर्जर हालत में है और ऊपर टीन शेड नहीं होने के कारण बारिश के दौरान अंतिम संस्कार करना बेहद मुश्किल हो जाता है।
बरसात के बीच परिजनों को अपने मृत परिजन का अंतिम संस्कार करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक व्यवस्था के लिए भी यदि बारिश के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़े, तो यह पंचायत की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े करता है।
लंबे समय से की जा रही है मांग
ग्राम पंचायत बोड़रा की सरपंच सुमन प्रीतम साहू ने बताया कि मुक्तिधाम की स्थिति सुधारने और वहां टीन शेड सहित आवश्यक निर्माण कराने की मांग लंबे समय से जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष की जा रही है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
सरपंच ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मुक्तिधाम का तत्काल जीर्णोद्धार कराया जाए और पर्याप्त टीन शेड की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीणों को बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
ग्रामीणों की मांग है कि मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए सम्मानजनक और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।